Saturday, July 27, 2024
31.1 C
Delhi
Saturday, July 27, 2024
- Advertisement -corhaz 3

संसद में आज बजट सत्र का आखिरी दिन | लोकसभा में आज ऐतिहासिक राम मंदिर पर होगी चर्चा |

संसद के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। इस दौरान शनिवार को लोकसभा में अयोध्या में राम मंदिर पर चर्चा होगी। लोकसभा सचिवालय के बुलेटिन के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल सिंह ऐतिहासिक श्री राम मंदिर के निर्माण और श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा की शुरुआत करेंगे।

कांग्रेस ने तीन लाइन का व्हिप जारी किया

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के संसदीय नेता आज संसद में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में मिलेंगे। कांग्रेस ने आज लोकसभा में सांसदों के लिए सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया |

‘श्री राम मंदिर के ऐतिहासिक निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा’ पर चर्चा

राज्यसभा बाद में ‘श्री राम मंदिर के ऐतिहासिक निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा’ पर एक छोटी अवधि की चर्चा शुरू करेगी। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और राकेश सिन्हा इस मुद्दे पर चर्चा शुरू करने वाले हैं।

‘श्वेत पत्र’ पर राज्यसभा में अल्पकालिक चर्चा

भारतीय अर्थव्यवस्था पर ‘श्वेत पत्र’ पर आज राज्यसभा में अल्पकालिक चर्चा होने वाली है। भाजपा विधायक सुशील कुमार मोदी और प्रकाश जावड़ेकर लोगों  पर इसके प्रभाव को बताते हुए चर्चा उठाएंगे।

एक दिन बढ़ाया गया सत्र

इससे पहले संसद का बजट सत्र बीते दिन यानी 9 फरवरी को समाप्त होना था। बाद में इसे बढ़ाकर आज तक कर दिया गया।

31 जनवरी से शुरू हुआ था बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन से सत्र की शुरुआत हुई थी। यह सत्र दो लिहाजों से खास रहा- पहला तो यह कि इस सत्र में देश की वित्त मंत्री ने अंतरिम बजट पेश किया। साथ ही यह सत्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट था। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को सदन में अंतरिम बजट पेश किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे संबोधित

सूत्रों के मुताबिक, चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम पांच बजे अपनी बात रखेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में हिस्सा लिया था। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। प्राण प्रतिष्ठा के अगले दिन 23 जनवरी से ही मंदिरों को आम भक्तों के लिए खोल दिया गया।

भाजपा ने सांसदों को व्हिप जारी किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों को व्हिप जारी किया। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले संसद के इस सत्र का अंतिम दिन होने के कारण सरकार के एजेंडे को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया।

पीएम मोदी को किया जाएगा धन्यवाद

बताया जा रहा है कि लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्य लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देंगे।

More articles

- Advertisement -corhaz 300

Latest article

Trending