Wednesday, July 22, 2026
32.6 C
Delhi
Wednesday, July 22, 2026
- Advertisement -corhaz 3

सैन फ्रांसिस्को में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास को खालिस्तानी समर्थकों ने लगाई आग | अमेरिका इसपर करेगा कार्रवाई |

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित वाणिज्य दूतावास में खालिस्तान समर्थकों ने आग लगा दी। हालांकि अग्निशमन विभाग की तत्परता से तुरंत आग पर काबू पा लिया गया और इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं अमेरिका ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और कार्रवाई करने की बात कही है। 

क्या है मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार दो जुलाई की मध्य रात्रि करीब डेढ़ बजे से ढाई बजे के बीच कुछ खालिस्तानी कट्टरपंथियों ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित वाणिज्य दूतावास में आग लगा दी। आग तेजी से वाणिज्य दूतावास में फैलने लगी। हालांकि तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। बता दें कि खालिस्तानी कट्टरपंथियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया। 

कथित तौर पर खालिस्तानी कट्टरपंथी सोशल मीडिया पर अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू और अमेरिका में भारत के महावाणिज्यदूत डॉ. टीवी नागेंद्र प्रसाद को निशाना बनाते हुए पोस्टर्स सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। खालिस्तानी इन दोनों पर कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

 अमेरिका ने की निंदा
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में आगजनी की घटना पर अमेरिका की सरकार  ने भी चिंता जाहिर की है और घटना की निंदा की। अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यु मिलर ने बयान जारी कर कहा कि ‘अमेरिका सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में आगजनी की घटना की कड़ी निंदा करता है। अमेरिका स्थित विदेशी राजनयिकों या दूतावासों में तोड़फोड़ या हिंसा करना अपराध है।’ 

पहले भी हो चुके हैं हमले
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में खालिस्तान समर्थकों ने हमला किया था। इस दौरान खालिस्तान समर्थक नारे लगाए गए और प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बैरियर्स को तोड़ दिया था और वाणिज्य दूतावास परिसर में खालिस्तानी झंडे लगा दिए थे। इससे पहले लंदन स्थित भारतीय दूतावास में भी खालिस्तान समर्थकों ने हमला किया था। 

उल्लेखनीय है कि कनाडा में बीते दिनों खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके विरोध में खालिस्तान समर्थक कनाडा के वैंकुवर, टोरोंटो समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। भारत सरकार ने कनाडा सरकार से अपील की है कि वह खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करे।  

More articles

- Advertisement -corhaz 300

Latest article

Trending