Thursday, April 2, 2026
34.1 C
Delhi
Thursday, April 2, 2026
- Advertisement -corhaz 3

केरल में मानसून की एंट्री | महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी मानसून की गतिविधियों की बढ़ने की उम्मीद |

मानसून की राह देख रहे लोगों को भी मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है। केरल में मानसून की एंट्री के साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों में मानसून का इंतजार तेज हो गया है। वहीं, अब कर्नाटक एवं महाराष्ट्र में भी प्री मॉनसून गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में केरल के बाकी इलाकों के साथ-साथ तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र में मानसून का सिस्टम आगे बढ़ेगा।

मौसम विभाग ने केरल में अगले 5 दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई है। वहीं, दिल्ली की बात करें तो आज, 30 मई को राजधानी में भी बारिश हो सकती है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी के बाद हुई वर्षा

राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दिनभर तेज धूप और गर्मी रही। जबकि शाम को धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम में अचानक आई इस तब्दीली से दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक इस पूरे सप्ताह गर्मी और तापमान परेशान करेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने के आसार हैं। दिनभर आंशिक बादल छाए रहेंगे। मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तीन जून और चार जून को मौसम साफ रहेगा।

यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में अलर्ट जारी किया है। रविवार को राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक देवरिया, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, सीतापुर, बहराइच, कौशांबी, चित्रकूट, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर और महोबा में आज बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार में आंधी-पानी की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। वर्तमान समय में प्री मानसून बिहार में सक्रीय है। अगले 48 घंटों में भी बिहार के कई इलाकों में प्री मानसून बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंधी-पानी की आशंका जताई है। साथ ही कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी बात कही है। मौसम विभाग के मुताबिक सुपौल, मोतिहारी, अररिया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, कटिहार, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सहरसा और दरभंगा के क्षेत्रों सहित बिहार के उत्तरी क्षेत्रों में सर्वाधिक बारिश होगी। अन्य भागों में कुछ कम बारिश हो सकती है।

राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ हो सकती बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में राजस्थान में एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। जयपुर और भरतपुर संभाग के अलवर, दौसा, करौली, धौलपुर, सीकर, सवाई माधोपुर और झुंझुनूं में धूलभरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। 31 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

More articles

- Advertisement -corhaz 300

Latest article

Trending