Saturday, October 24, 2026
27.7 C
Delhi
Saturday, October 24, 2026
- Advertisement -corhaz 3

जम्मू-कश्मीर में सीजफायर पर उमर अब्दुल्ला की पहली प्रतिक्रिया, पीड़ितों को मिलेगा मुआवजा

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम हो चुका है। भारतीय सेना की ओर से दिए जा रहे मुंहतोड़ जवाब के चलते बैकफुट आए पाकिस्तान की पहल पर भारत संघर्ष विराम के लिए राजी हुआ है। वहीं भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जम्मू कश्मीर में हुए नुकसान को लेकर सरकार ने मुआवजे का एलान कर दिया है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सीजफायर के एलान के बाद घर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि चंद मिनट पहले भारत सरकार के प्रवक्ता की ओर से जो भारत और पाकिस्तान के दरमियान दोबारा सीजफायर को कायम करने का जो एलान हुआ उसका मैं दिल की गहराईयों से खैरमकदम करता हूं। सीएम उमर ने कहा कि देर आये दुरुस्त आये। दो-तीन दिन पहले आया होता तो शायद जो खून खराबा हमें देखने को मिला, जो जानें हमने गवाई वो कीमती जानें आज मेहफ़ूज होती। लेकिन चलिए आखिरकार पाकिस्तान के डीजीएमओ ने फोन उठाकर हमारे डीजीएमओ से बात करके दोबारा सीजफायर जम्मू कश्मीर और बाकी इलाकों में कायम किया।

आगे कहा कि अब मौजूदा जम्मू कश्मीर की हकूमत की जिम्मेदारी बनती है कि जहां-जहां नुकसान हुआ है, नुक्सान का हम मुआयना कर उसका आकलन करें और लोगों को मुआवजा पहुंचाना शुरू करें। जहां लोग घायल हैं उनका भी सही से इलाज हो, उन्हें भी मुआवजा मिले। जैसा आज सुबह एलान हुआ है जहां-जहां कीमती जानें गई हैं। उन लोगों को हम वापिस नहीं ला सकते लेकिन उनके गम में शरीक होके उन घरों को थोड़ी राहत पहुंचाने की कोशिश करेंगे।

आगे कहा कि नुकसान जम्मू शहर में हुआ है, लेकिन शहर से बाहर पूंछ में काफी तबाही मची है। कल राजौरी में बहुत नुक्सान हुआ, तंगधार पहले दिन से निशाना बना है। जैसा मैंने अभी कहा कि सभी डीसी को हिदायत दी गई है कि नुकसान का आकलन कर हम तक रिपोर्ट पहुंचाएं। ताकि हम जल्द लोगों तक मुआवजा पहुंचाने की कोशिश करेंगे। इसके साथ साथ कई दिनों से हवाई अड्डा बंद रहा है, उम्मीद करते हैं कि सीजफायर के बाद हवाई अड्डा फिर से खुलेगा और हमारे यहां से जो हाजी, हज के लिए जाना था नहीं जा पाए। जैसे ही हवाई अड्डा खुलता है हम उनको यहां से रवाना शुरू करेंगे।

रक्षा मंत्रालय की प्रेसवार्ता में कॉमेडोर रघु नायर ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम हो गया है। कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने कई झूठ बोले हैं। पाकिस्तान झूठी खबरें फैला रहा है। उनके वरिष्ठ सेना अधिकारी ने झूठा आरोप लगाया कि भारतीय सेना ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। लेकिन भारतीय सेना ने ऐसा कुछ नहीं किया। सशस्त्र बलों ने सैन्य ठिकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया।

More articles

- Advertisement -corhaz 300

Latest article

Trending